हर घर तिरंगा अभियान 2026 ( 9 से 17 अगस्त तक) को लेकर जिले में आयोजित किए जायेंगे कई कार्यक्रम तथा अभियान को सफल बनाने के लिए सम्बंधित पदाधिकारी को दिए गए आवश्यक निर्देश
शेखपुरा;भारत सरकार के निर्देश के आलोक में संस्कृति मंत्रालय द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का आयोजन इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवपूर्ण अवसर पर किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्रगौरव की भावना को प्रबल करना तथा व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन, राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता एवं वितरण सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विभिन्न सार्वजनिक संस्थानों में देशभक्ति आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में युवाओं एवं आम नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
इस अवसर पर तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी, तिरंगा रैली/यात्रा, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान, तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, तिरंगा रंगोली, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, सरकारी भवनों का त्रिवरणीय प्रकाशन तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रखंड स्तर पर आवश्यक संख्या में राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जीविका को दी गई है।
इसके साथ ही कार्यक्रम को सफल एवं व्यापक आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी, शेखपुरा द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुँचाने के साथ-साथ आमजनों, विद्यार्थियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।
जिला पदाधिकारी द्वारा डीपीएम, जीविका को निर्देश दिया गया है कि दिनांक 10.08.2026 तक जिले के सभी प्रखंडों में प्रत्येक प्रखंड हेतु 4,000 तिरंगा झंडों की उपलब्धता सुनिश्चित कराते हुए निर्धारित समय-सीमा में वितरण की कार्रवाई पूर्ण कराएं।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, शेखपुरा को निर्देशित किया गया है कि जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाए। इसके अंतर्गत तिरंगा एवं ‘वंदे मातरम्’ विषय पर प्रदर्शनी, ‘सेल्फी विद तिरंगा’, तिरंगा रंगोली सहित अन्य रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, शेखपुरा को निर्देश दिया गया है कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय आमजनों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए तिरंगा अभियान से संबंधित व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की कार्रवाई की जाए।
जिला पदाधिकारी द्वारा अन्य संबंधित पदाधिकारियों को भी उनके विभाग से संबंधित आवंटित कार्यों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अभियान के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों में आमजनों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया है।
जिला प्रशासन, शेखपुरा द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराएं तथा विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करें।
जगत न्यूज के लिए सौरभ कुमार ,
शेखपुरा(बिहार)
