हड्डी के इलाज को लेकर अस्पताल पर सवाल, मरीज ने लगाए लापरवाही और दुर्व्यवहार के आरोप
हड्डी के इलाज को लेकर अस्पताल पर सवाल, मरीज ने लगाए लापरवाही और दुर्व्यवहार के आरोप
बरबीघा, शेखपुरा:बरबीघा के एक अस्पताल पर मरीज ने गंभीर आरोप लगाए हैं। बरबीघा-सरमेरा बाईपास के समीप स्थित प्राण हड्डी हॉस्पिटल में इलाज को लेकर एक मरीज ने अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
रामपुर सिन्दाय, बरबीघा निवासी अनंत कुमार पासवान, पिता अनिल पासवान, का आरोप है कि पैर में चोट लगने के बाद वह इलाज के लिए उक्त अस्पताल पहुंचे थे। पीड़ित का कहना है कि इलाज के दौरान उन्हें अपेक्षित उपचार और जानकारी नहीं मिल सकी तथा अस्पताल प्रशासन के व्यवहार से भी वह संतुष्ट नहीं हैं।
अनंत कुमार पासवान का आरोप है कि इलाज को लेकर जब उन्होंने अस्पताल प्रशासन से सही जानकारी और जवाब मांगने की कोशिश की, तो उनके साथ कथित तौर पर उचित व्यवहार नहीं किया गया और अस्पताल से चले जाने की बात कही गई।
पीड़ित के अनुसार, इलाज को लेकर संतुष्ट नहीं होने के बाद अब वह अपना उपचार दूसरे अस्पताल में करा रहे हैं।
इस पूरे मामले को लेकर प्राण हड्डी हॉस्पिटल की कार्यशैली और मरीजों के साथ व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं।
इस संबंध में अस्पताल प्रशासन का पक्ष जानने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी खबर में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।
